मतगणना पर्यवेक्षक व सहायकों का प्रशिक्षण संपन्न
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 फ़रवरी 2025 - आगामी नगर निकाय चुनाव की मतगणना के लिए 15 फरवरी 2025 को आयोजित होने वाली मतगणना की तैयारियों को लेकर आज 14 फरवरी शुक्रवार को कलेक्टरेट के दिशा सभाकक्ष में मतगणना पर्यवेक्षकों और सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बता दें कि नगर पालिका परिषद हेतु मतगणना जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में प्रातः 9 बजे से शुरू होगी साथ ही जिले के 09 नगर पंचायतों मे भी चिन्हित जगहों पर इसी दिन मतगणना कार्य सम्पादित किये जायेंगे। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर दीप्ति वर्मा, सीएमओ कोमल ठाकुर और मास्टर ट्रेनर सुनील झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने दिया निर्देश - कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने मतगणना कर्मियों से कहा कि मतगणना कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील हिस्सा है। इसलिए इस कार्य को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करना अति आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतगणना कर्मी आयोग के दिशा-निर्देशों और मतगणना हैंडबुक का गहन अध्ययन करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
कलेक्टर शर्मा ने मतगणना कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से पहले मतगणना स्थल पर पहुंचें ताकि वहां की स्थिति से परिचित हो सकें। साथ ही उन्होंने गणना के दौरान धैर्य बनाए रखने और हर प्रक्रिया को पारदर्शिता से पूरा करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने मतगणना के बाद लिखने के काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सही तरीके से डेटा का मिलान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिकर्ताओं और एजेंटों को संतुष्ट करना आवश्यक है और किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रणबीर शर्मा और अन्य अधिकारियों ने मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया, ताकि चुनाव परिणाम बिना किसी विवाद के सुगमता से प्राप्त हो सकें।
मास्टर ट्रेनर ने दी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी - मास्टर ट्रेनर सुनील झा ने प्रशिक्षण के दौरान सभी मतगणना कर्मियों को मतगणना की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि मतगणना ईवीएम के कंट्रोल यूनिट में दर्ज वोटों की गिनती से शुरू होगी और इस प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जाना जरूरी है। उन्होंने मतगणना कक्ष में क्या करना है और क्या नहीं करना है, इस बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण में 52 पर्यवेक्षकों और सहायकों ने लिया हिस्सा - इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सहित कुल 52 मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक उपस्थित रहे, जिन्होंने मतगणना प्रक्रिया को बारीकी से समझा। सभी प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण के माध्यम से अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने का संकल्प लिया।