बेमेतरा पुलिस को मिले 11 हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनो को बेमेतरा/ साजा विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

“एक्के नम्बर सब्बो बर डायल-112” अभियान के तहत जिले में आपातकालीन सहायता व्यवस्था होगी और अधिक मजबूत 

बेमेतरा पुलिस के 11 हाईटेक ईआरव्ही वाहन 24 घंटे रहेंगे ऑन रोड, अब इमरजेंसी में मदद नहीं होगी लेट 

वाहनों में जीपीएस, वायरलेस, डिजिटल नेविगेशन एवं लाइव लोकेशन ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध, अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मिनटों में पहुंचेगी मदद, डायल 112 सेवा का हुआ विस्तार 
बेमेतरा 20 मई 2026 - छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बेमेतरा पुलिस को 11 नए हाईटेक ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) वाहन प्राप्त हुए हैं। इन अत्याधुनिक वाहनों के माध्यम से अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस सहायता और अधिक तेज, प्रभावी एवं तकनीक आधारित हो सकेगी। 
       आज बुधवार 20 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, बेमेतरा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जया दिवाकर, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं तथा पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डायल-112 ईआरवी वाहनों की पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 
    इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं जनप्रतिनिधि मुलचंद शर्मा, हर्षवर्धन तिवारी, गौरव साहू, लक्की साहू एवं महेश साहू, प्रेस मीडिया बंधुगण सहित अन्य अतिथिगण भी मौजूद रहे।
    पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा बेमेतरा जिले को प्रदाय किए गए ये 11 नए आधुनिक डायल-112 वाहन थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा, बेरला, साजा, परपोडी, खम्हरिया, नवागढ़, नांदघाट, दाढ़ी एवं चंदनू थाना क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे। ये वाहन 24 घंटे ऑन रोड रहकर सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगे। 
    कार्यक्रम के दौरान नवीन डायल-112 वाहनों का प्रदर्शन किया गया तथा त्वरित रिस्पांस प्रणाली एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई। इन वाहनों में जीपीएस, वायरलेस संचार प्रणाली, डिजिटल नेविगेशन एवं लाइव लोकेशन ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी। 
 बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि राज्य शासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से डायल-112 योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन नवीन ईआरवी वाहनों के माध्यम से आम नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में शीघ्र प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी। 
        साजा विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि डायल-112 सेवा आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं भरोसेमंद व्यवस्था है। नवीन तकनीक से सुसज्जित इन वाहनों के शामिल होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पुलिस सहायता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। 
   पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डायल-112 के माध्यम से प्राप्त आपातकालीन कॉल पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष ध्यान देने, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया। 
 कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि डायल-112 सेवा के सुदृढ़ क्रियान्वयन से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था अधिक आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम एवं त्वरित प्रतिक्रिया आधारित बनेगी। उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में समन्वय एवं सतर्कता बढ़ाने पर भी बल दिया। 
  कार्यक्रम का संचालन महिला प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे ने किया तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने आभार प्रदर्शन किया। 
    इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, डायल-112 प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विष्णु सप्रे, सउनि माधव सिंह साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।